
हाथरस 16 अप्रैल। जनपद में औद्योगिक इकाइयों की व्यवस्थाओं, उत्पादों की गुणवत्ता एवं कर्मचारियों की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ तहसील सासनी, अलीगढ़ रोड स्थित जीआरटीएस फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंपनी में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कंपनी में कार्यरत स्थायी एवं अस्थायी कर्मचारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कंपनी संचालक ने बताया कि अस्थायी कर्मचारी प्रतिदिन कार्य हेतु आते हैं और उनके माध्यम से कार्य संपादित कराया जाता है।
डीएम ने उत्पादों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपायों, मशीनरी और उत्पादन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कर्मचारियों के वेतन, भुगतान, श्रम सुरक्षा उपकरणों एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। मौके पर उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों को कंपनी के अभिलेखों एवं दस्तावेजों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सासनी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, वरिष्ठ कोषाधिकारी, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा किए गए इस औचक निरीक्षण से औद्योगिक इकाइयों में गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती का संदेश गया है।

























