Hamara Hathras

Latest News

नई दिल्ली 26 फरवरी । देश की राजधानी के प्रेमचंद पार्क इलाके में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शख्स ने अपनी दो महीने की गर्भवती पत्नी और तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में अंदेशा है कि आरोपी ने बेटे की चाहत में इस भयावह वारदात को अंजाम दिया है।

श्वास नली तक काट डाली, खून से लथपथ मिले शव

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8:07 बजे पीसीआर कॉल के जरिए हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि 27 वर्षीय अनीता और उसकी तीन, चार व पांच साल की बेटियों के शव घर के अंदर खून से लथपथ पड़े थे। हमला इतना जोरदार था कि पीड़ितों की श्वास नली तक कट गई थी। पुलिस ने घटनास्थल के दृश्य को अत्यंत क्रूर और भयावह बताया है।

शराब पिलाकर किया हमला, रात में हुआ था विवाद

जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पति मुंचुन केवट, जो आजादपुर मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था, ने संभवतः हमले से पहले अपनी पत्नी और बच्चों को शराब पिलाई थी। पड़ोसियों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे पति-पत्नी के बीच काफी विवाद भी हुआ था। मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला यह परिवार पिछले दो वर्षों से दिल्ली में रह रहा था।

अवैध संबंध सहित अन्य पहलुओं की भी जांच

हालांकि मुख्य रूप से हत्या का कारण बेटे की चाहत माना जा रहा है, लेकिन पुलिस अवैध संबंध समेत अन्य सभी संभावित एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है। क्राइम और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आरोपी की तलाश में जुटी कई टीमें

पुलिस ने आरोपी मुंचुन केवट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page