
हाथरस 27 मई । हैहयवंशी क्षत्रिय कांस्यकार समाज द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ आज 151 कलशों की भव्य यात्रा के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कलश यात्रा श्री बांके बिहारी जी महाराज बड़ी कोठी से प्रारंभ होकर श्री रामबाग इंटर कॉलेज पहुंची।
कलश यात्रा का शुभारंभ मलूक पीठ पीठाधीश्वर श्री राजेंद्र दास जी महाराज के परम शिष्य महंत श्री मदन मोहन दास जी महाराज द्वारा कराया गया। उन्होंने सर्वप्रथम भागवत ग्रंथ को ओमप्रकाश बागड़ी के सिर पर विराजमान कराया। इसके बाद समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बारी-बारी से भागवत को सिर पर धारण कर यात्रा में सहभागिता की। कलश यात्रा में भगवान राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां एवं स्वरूप नृत्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं श्री बांके बिहारी सेवा समिति द्वारा मीठे शरबत की प्याऊ भी यात्रा के साथ चलती रही। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया तथा मिष्ठान एवं आइसक्रीम वितरित की। श्री रामबाग इंटर कॉलेज पहुंचने पर महंत श्री मदन मोहन दास जी महाराज ने विधि-विधान से श्री गणेश पूजन कर भागवत कथा का शुभारंभ किया। कथा स्थल पर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला तथा श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। एकादशी पर्व के अवसर पर कथा स्थल पर व्रतधारी श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई थी। कलश यात्रा में समिति के सचिव नरेश कुमार वर्मा, ओमप्रकाश बागड़ी, ओमप्रकाश कलसा वाले, ओमप्रकाश मार्केट वाले, गोपाल दास राम दरबार, रमेश चंद्र कूलवाला, मदन गोपाल भगत, रवि कुमार, राजकुमार वर्मा, हरिओम वर्मा, मुकेश बागड़ी सहित समाज के अनेक वरिष्ठजनों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
























