
सासनी 06 अगस्त। सासनी क्षेत्र के गांव सुसायत कला में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान को खेत में करीब 12 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद विशाल अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद अजगर को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया। राहत की बात यह रही कि अजगर के मिलने की इस घटना में किसी व्यक्ति या पशु को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने बताया कि खेत में इतने बड़े अजगर को देखकर लोग काफी भयभीत हो गए थे। वहीं वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि भविष्य में यदि किसी जंगली जीव या सरीसृप के दिखाई देने की सूचना मिले तो उसे पकड़ने या उसके करीब जाने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग अथवा पुलिस को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम द्वारा सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके।











