
हाथरस 06 अगस्त। मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य के दौरान आज दर्दनाक हादसा हो गया। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर के निकट निर्माण कार्य में जुटा राजस्थान के धौलपुर जनपद निवासी 35 वर्षीय मजदूर हरिओम पुत्र गजाधर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर तत्काल उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद हरिओम के शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने भी उसकी मौत की पुष्टि की। सूचना मिलने पर हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान हरिओम के हाथ में मौजूद पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। पाइप के विद्युत लाइन से छूते ही हरिओम को तेज करंट लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। साथी मजदूर उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।











