
हाथरस 11 जुलाई। जिले के सादाबाद-मुरसान मार्ग स्थित गांव धनौली में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के निकट ईंट भट्टे के लिए मिट्टी खनन किए जाने से कई गहरे गड्ढे बन गए थे। पिछले दो दिनों से लगातार हुई बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया था, जिससे वे बेहद खतरनाक हो गए थे। शुक्रवार शाम करीब चार बजे गांव के कुछ बच्चे इन गड्ढों में नहाने पहुंचे। उनके साथ गांव निवासी पुष्पेंद्र सिंह का 10 वर्षीय पुत्र सिद्धांत भी मौजूद था। सिद्धांत सादाबाद-मुरसान मार्ग स्थित एक स्कूल में कक्षा 6 का छात्र था। बताया जाता है कि नहाने के दौरान सिद्धांत अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। साथ मौजूद बच्चों ने बताया कि सिद्धांत पानी से भरे गड्ढे में डूब गया है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सीढ़ी की सहायता से उसे गड्ढे से बाहर निकाला गया।
इसके बाद गंभीर हालत में सिद्धांत को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सिद्धांत अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ईंट भट्टों और मिट्टी खनन के बाद बने गहरे गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए या उनकी सुरक्षित घेराबंदी कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से वे जानलेवा बन जाते हैं और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए।





















