Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 23 मई । कस्बे की ऐतिहासिक करवन नदी के पुनर्जीवन एवं सौंदर्यीकरण को लेकर नगर के युवाओं ने सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी को ज्ञापन सौंपकर ठोस कार्रवाई की मांग की है। युवाओं ने कहा कि कभी नगर की जीवनरेखा रही करवन नदी आज अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। ज्ञापन में बताया गया कि लगभग 25 वर्ष पहले तक करवन नदी कस्बे के बीच से बहती थी, जिससे क्षेत्र का जलस्तर ऊंचा रहता था और लोगों को स्वच्छ एवं पीने योग्य पानी आसानी से उपलब्ध होता था। लेकिन समय के साथ नदी का जल प्रवाह बंद हो गया और अब नदी कचरा घर में तब्दील होती जा रही है। युवाओं ने कहा कि नदी के सूखने का सीधा असर भूजल स्तर पर पड़ा है। क्षेत्र में लगातार जलस्तर गिर रहा है और अधिकांश इलाकों में पानी खारा हो चुका है, जिससे लोगों को पीने का पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सरकार द्वारा नमामि गंगे एवं राष्ट्रीय नदी संरक्षण योजना जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन करवन नदी अब तक इन योजनाओं के लाभ से वंचित है। नदी में लगातार घरेलू कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट डाले जा रहे हैं, जिससे इसकी स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। युवाओं ने मांग की कि अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत करवन नदी की सफाई एवं सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराई जाए तथा नदी में दोबारा जल प्रवाह सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र का भूजल स्तर सुधर सके और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। ज्ञापन सौंपने वालों में निर्भय भट्ट, अजीरूद्दीन फौजी, ओमवीर सिंह, हेमंत कश्यप, कृष्णा तिवारी, फौजी कुमार, वरुण मिश्रा, रामेश्वर पाराशर, आकाश शुक्ला, कन्हैया लाल सहित अन्य युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page