
हाथरस 15 जून। नगर पालिका परिषद हाथरस की अध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में नगर में विगत तीन वर्षों के दौरान कराए गए विकास कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित “विकास उत्सव” कार्यक्रम अग्रवाल सेवा सदन में भव्यता एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, सभासदों तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत सामूहिक वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का विधिवत आगाज हुआ। इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान, विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, पूर्व सांसद राजेश कुमार दिवाकर, अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शरद महेश्वरी, पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान एवं राजवीर पहलवान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का 51 किलोग्राम की विशाल पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का प्रमुख आकर्षण नगर पालिका परिषद द्वारा विगत तीन वर्षों में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित स्मारिका का विमोचन रहा। स्मारिका में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, पेयजल सुविधाओं एवं अन्य जनहितकारी योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। अपने संबोधन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज ने नगर पालिका परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में नगर में विकास की नई तस्वीर उभरकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि जनता के समक्ष विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करना पारदर्शिता और जवाबदेही का उत्कृष्ट उदाहरण है।

सांसद अनूप प्रधान एवं एमएलसी ऋषिपाल सिंह ने भी नगर पालिका द्वारा कराए गए विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए नगर के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में स्थानीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने अपने संबोधन में नगर पालिका बोर्ड के सभासदों, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्य किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरी टीम और जनता के सहयोग का परिणाम हैं। उन्होंने नगर के सर्वांगीण विकास के संकल्प को दोहराते हुए भविष्य में सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं जनसुविधाओं के क्षेत्र में और अधिक कार्य कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल सेवा सदन का सभागार पूरी तरह भरा रहा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी, समाजसेवी एवं नगरवासी मौजूद रहे। स्थान कम पड़ने के कारण कई लोगों ने बाहर खड़े होकर भी कार्यक्रम में सहभागिता की। विकास उत्सव के माध्यम से नगर पालिका परिषद हाथरस ने अपने तीन वर्षों के विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा जनता के सामने रखते हुए नगर के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर विकास के संकल्प को मजबूती के साथ दोहराया।


























