
हाथरस 15 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन एवं 15 जून से 21 जून 2026 तक मनाए जा रहे योग सप्ताह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली का भी आधार है। साथ ही इस अवसर पर मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के परस्पर संबंधों को भी प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिए कि योग सप्ताह के दौरान शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजन को योग के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के सहयोग से ग्राम सचिवालयों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर योगाभ्यास के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में आयुष विभाग के चिकित्सक ने जानकारी दी कि जनपद में 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह मनाया जा रहा है तथा 21 जून को जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा नगर पालिका हाथरस के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


























