अलीगढ़ 07 सितंबर। संकुल स्तरीय वैदिक गणित प्रतियोगिता का आयोजन रविवार, 6 सितंबर को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, खैर रोड, गोंडा मोड़, अलीगढ़ में किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं आचार्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी, हाथरस के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों ने गणित प्रदर्श, गणित पत्र वाचन, गणित प्रयोगात्मक तथा आचार्य पत्र वाचन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गणित प्रदर्श प्रतियोगिता के बाल वर्ग में भैया वंश एवं ओम पचौरी ने द्वितीय स्थान तथा चिराग सोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग में बहन सौम्या, भैया सार्थक एवं भैया वंश ने द्वितीय स्थान हासिल किया। चरण वर्ग में भैया आराध्य कृष्ण ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सफलता हासिल की, जबकि तरुण वर्ग में प्रतिभा सिंह ने द्वितीय तथा अदिति सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों के प्रदर्शन में उनकी गणितीय समझ, रचनात्मकता एवं तार्किक क्षमता की झलक देखने को मिली।
गणित पत्र वाचन प्रतियोगिता में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बाल वर्ग में बहन शिवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि किशोर वर्ग में भैया पुष्पेंद्र ने तृतीय स्थान हासिल किया। गणित प्रयोगात्मक प्रतियोगिता के किशोर वर्ग में बहन यामिनी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा तरुण वर्ग में भैया अंश शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं आचार्य पत्र वाचन प्रतियोगिता में विद्यालय के आचार्य श्री आनंद कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता की तैयारी में विद्यालय के आचार्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रश्न मंच (समस्त वर्ग) के प्रमुख श्री सुभाष चन्द्र शर्मा रहे। गणित प्रदर्श के प्रमुख श्री अंकित कुलश्रेष्ठ एवं श्री रविन्द्र सिंह, गणित प्रयोग के प्रमुख श्री हरेंद्र शुक्ला तथा गणित पत्र वाचन एवं आचार्य पत्र वाचन के प्रमुख श्री आनंद कुमार रहे। आचार्यों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत के परिणामस्वरूप विद्यालय को प्रतियोगिता में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई। विद्यालय की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधक श्री मनोज अग्निहोत्री एवं प्रधानाचार्य श्री लोकेन्द्र नाथ शर्मा ने सभी विजेता विद्यार्थियों एवं आचार्य को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि वैदिक गणित जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में गणितीय चिंतन, तर्कशक्ति, एकाग्रता, समस्या समाधान की क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके परिश्रम, लगन और आचार्यों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। 14 पदकों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है तथा सभी ने विजेता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।













