Hamara Hathras

Latest News

sports Academy 2026 flex – 1

हाथरस 23 जुलाई। अटेवा हाथरस के पदाधिकारियों ने गुरुवार को शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को संबोधित ज्ञापन उनके कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई। अटेवा के जिला महामंत्री रवि कान्त वर्मा ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास एवं स्मार्ट बोर्ड की व्यवस्था की गई है, लेकिन विद्यालयों में समय पर विद्युत आपूर्ति न होने से शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विद्यालय संचालन अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए सक्षम अधिकारियों को पत्र भेजने की मांग की।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप समायोजन सूची में विषय संबंधी विसंगतियों को दूर किया जाए। जिन विद्यालयों में आरटीई अधिनियम के मानकों के अनुसार पर्याप्त शिक्षक कार्यरत हैं, वहां किसी भी शिक्षक को विषय आधारित सरप्लस घोषित न किया जाए। अटेवा ने इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को नियमित प्रधानाध्यापकों के समान वेतन एवं एरियर का लाभ हाईकोर्ट के आदेशानुसार उपलब्ध कराने, वर्तमान सत्र में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को पूर्व की भांति समायोजन प्रक्रिया से बाहर रखने तथा चयन वेतनमान की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने की भी मांग की।

इसके अलावा संगठन ने गत वर्ष सेवानिवृत्त हुए उन शिक्षकों की लंबित पेंशन संबंधी पत्रावलियों को शीघ्र पूरा कर पेंशन जारी कराने की मांग उठाई, ताकि संबंधित शिक्षक एवं उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। ज्ञापन सौंपने के दौरान भानु प्रकाश माहौर, विकास सिंह, यतेंद्र कुमार, सुरेंद्र सिंह, सोनू अजीत, हरेंद्र, विपिन, मुनीश, सुनील कुंतल, दुष्यंत, युवराज, हेमंत, मोहित, नीतू, अंजू गुप्ता, राधा रमण सारस्वत, माधुरी सेंगर, डॉ. गोपाल, दुष्यंत कुमार, राघवेंद्र सिंह, संजीव शर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page