Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 अगस्त। वरिष्ठ कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं और युवा कार्यकर्ताओं को उनके अनुभवों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्ष तक की गौरवशाली यात्रा में स्वयंसेवकों ने अपना जीवन संगठन और समाज के लिए समर्पित किया है। संघ ने अपने प्रारंभिक दौर में समाज की उपेक्षा और मध्यकाल में विरोध का सामना किया, लेकिन हिंदू समाज को संगठित रखने और भारत माता की विश्व में जय-जयकार कराने के लक्ष्य के साथ संघ निरंतर आगे बढ़ता रहा। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पर्यावरण गतिविधि के अखिल भारतीय सह संयोजक राकेश जैन ने कही। वह श्री रामबाग इंटर कॉलेज में ‘वरिष्ठ स्वयंसेवकों के साथ सुख-दुख पर चर्चा’ विषय पर आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। गोष्ठी का शुभारंभ सामूहिक वंदेमातरम् गान के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंधक ओमप्रकाश एवं अध्यक्ष नरेश वर्मा ने मंचासीन अतिथियों पर्यावरण गतिविधि के अखिल भारतीय सह संयोजक राकेश जैन, जगतगुरु शंकराचार्य आश्रम के प्रमुख महंत सहजानंद जी ब्रह्मचारी शक्तिपीठ शाकुंभरी तथा नगर संघचालक डॉ. पीपी सिंह का प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि राकेश जैन ने कहा कि अथक परिश्रम और शुद्ध सात्विक प्रेम संघ के कार्य का आधार रहा है। वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने जिस संघ रूपी वृक्ष को कठिन परिश्रम से सींचा, वह आज वट वृक्ष का रूप ले चुका है, जिसकी छाया में एकजुट हिंदू समाज खड़ा है।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए राकेश जैन ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने जल संरक्षण करने और प्लास्टिक का प्रयोग न करने का आह्वान किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति से प्रतिदिन 15 मिनट देने की अपील की। गोष्ठी के दौरान वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए और संगठन एवं समाज हित से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। कार्यक्रम के अंत में गोष्ठी संयोजक एवं पूर्व सह जिला कार्यवाह सुरेश बागड़ी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। संचालन सेवा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. बीपी सिंह ने किया। कार्यक्रम में जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी एवं सेवा भारती जिलामंत्री राजीव आर्य का विशेष सहयोग रहा। गोष्ठी में वर्तमान एवं पूर्व दायित्वान कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक शामिल हुए। कार्यक्रम के उपरांत सहभोज का आयोजन किया गया।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page