Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 सितम्बर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में शनिवार को पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी रामानन्द कुशवाह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन दुष्यंत सिंह के नेतृत्व में बाल सुरक्षा से संबंधित मासिक गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में थाना एएचटी, एसजेपीयू तथा जनपद के समस्त थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम-2015 और महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन द्वारा जारी एसओपी के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। गोष्ठी में बच्चों के लिए विशेष रेस्क्यू अभियान, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार की रोकथाम, गुमशुदा बालक-बालिकाओं की बरामदगी, मेडिकल परीक्षण, धारा 183 बीएनएस के तहत बयान तथा बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष बच्चों की शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग एवं सूचना देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को पीड़ित बच्चों के चिकित्सीय परीक्षण, पॉक्सो पर्सन को सूचना देने तथा विधि-विरुद्ध बालकों से संबंधित मामलों में निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचना एवं अभियोजन के दौरान आने वाली समस्याओं और उनके समाधान, बाल कल्याण अधिकारियों के कर्तव्यों तथा किशोर न्यायालय से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। बैठक में स्वास्थ्य, श्रम, शिक्षा विभाग, किशोर न्याय बोर्ड, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, एसीएमओ, बीईओ तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस दौरान 1098, 1090, 181, 108, 102, 1076, 101, 112 और 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए सभी थानों में इनके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page