Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 17 अगस्त। बिसावर की बाल्मीकि बस्ती में आज तड़के दो सगे भाइयों के घरों के बाहर बंधी 10 बकरियां चोरी हो गईं। यह घटना सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई, जिसका पता बकरी के बच्चे के तेज चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजनों को चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। बाल्मीकि बस्ती निवासी सत्तो बाल्मीकि और उनके भाई राकेश पुत्र फौरन सिंह ने रोजाना की तरह अपनी-अपनी बकरियों को घर के बाहर गली में सड़क किनारे बांधा था। दोनों भाइयों के मकान मुख्य सड़क से लगभग 30 मीटर अंदर गली में स्थित हैं। चोरों ने रात में मौका पाकर गली में प्रवेश किया और बकरियों को खोल लिया। पीड़ित सत्तो बाल्मीकि के अनुसार, चोर उनकी आठ बकरियों के गले में बंधी रस्सियां काटकर ले गए, जबकि उनके भाई राकेश की दो बकरियों को खूंटे से खोल लिया गया। चोरी के दौरान घर में बंधे एक बच्चे के तेज रोने और चीखने की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुली। बाहर आकर देखने पर बकरियां अपने स्थान पर नहीं मिलीं। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि चोरों ने पड़ोस के कुछ घरों के मुख्य गेटों पर बाहर से सांकल लगा दी थी, ताकि लोग तुरंत बाहर न निकल सकें। इसके बाद चोर चोरी की गई बकरियों को चार पहिया वाहन में लादकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पीड़ितों के अनुसार, पुलिस वाहन कुछ देर बाद मौके पर पहुंचा। सूचना मिलने पर बिसावर चौकी प्रभारी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों से जानकारी ली। एक साथ 10 बकरियां चोरी होने से बस्ती में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने पुलिस से घटना का जल्द खुलासा कर चोरी हुई बकरियों को बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में चोरों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page