Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 01 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के गांव गिनोली किशनपुर में मंगलवार रात 56 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के 16 वर्षीय बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। मृतक की पहचान पप्पू पुत्र किशनलाल उर्फ छितु के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनके चार बेटे और दो बेटियां हैं।

परिजनों के अनुसार, पप्पू शराब पीने के आदी थे और अक्सर नशे की हालत में घर आकर पत्नी एवं बच्चों से विवाद करते थे। मंगलवार शाम भी वह मजदूरी से लौटने के बाद नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी अपने 16 वर्षीय बेटे कपिल से कहासुनी हो गई। परिवार का कहना है कि विवाद के दौरान पप्पू गुस्से में कपिल की ओर बढ़े और उसे मारने के लिए दौड़े। बचाव में कपिल ने सड़क पर पड़ा एक पत्थर हाथ में उठा लिया, लेकिन उसने पत्थर अपने पिता पर नहीं फेंका। परिजनों का दावा है कि इसी दौरान नशे की हालत में पप्पू का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। गिरते समय उनका सिर सड़क पर पड़े पत्थर से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार का आरोप है कि कपिल के हाथ में पत्थर देखकर कुछ लोगों ने यह मान लिया कि उसने अपने पिता पर हमला किया है और इसी आधार पर पुलिस को सूचना दी गई। उनका कहना है कि कपिल हमेशा घर के झगड़े शांत कराने का प्रयास करता था और उसे गलत तरीके से संदेह के दायरे में लाया गया है। कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को प्रारंभिक सूचना बेटे द्वारा पत्थर मारने की मिली थी। इसी आधार पर कपिल को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे तथा किसी भी निर्दोष के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page