Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 19 जुलाई। हसायन कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर पुलिस चौकी अंतर्गत गांव बस्तोई में चार माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के पिता कंचीलाल पुत्र लक्ष्मण, निवासी नगला किला, थाना क्वारसी (जनपद अलीगढ़) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्रियों पूनम और यशोदा का विवाह 24 नवंबर 2024 को गांव बस्तोई निवासी पवन कुमार एवं गजेंद्र सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया था। उनके अनुसार विवाह में दोनों बेटियों को लगभग 10-10 लाख रुपये का दान-दहेज दिया गया था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग को लेकर पूनम को प्रताड़ित करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से पहले भी उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई थी। सूचना मिलने पर उनकी पत्नी, बेटा और चालक बेटी के ससुराल पहुंचे, जहां उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और उनके बेटे तथा चालक को शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया। परिजनों का आरोप है कि उसी शाम उनकी चार माह की गर्भवती बेटी पूनम की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका कहना है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या की गई। घटना की सूचना पर हसायन पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार चिकारा ने बताया कि विवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page