मथुरा 21 जुलाई । साल भर विद्यालय की गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए राजीव इंटरनेशनल स्कूल में मनमोहक कार्यक्रमों के बीच विद्यार्थी परिषद का गठन किया गया। आरुष बंसल और शेव्या सारस्वत को क्रमशः छात्र तथा छात्रा वर्ग की कप्तानी सौंपी गई जबकि विश्वजीत प्रताप सिंह एवं विदुषी राणा को उप कप्तान बनाया गया। विद्यार्थी परिषद के गठन कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि होमगार्ड कमानडेंड शैलेंद्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
राजीव इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थी परिषद के गठन को लेकर सुबह से ही छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखा गया। नन्हें-मुन्ने बच्चों ने जहां स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि, गुरुजनों तथा अपने साथियों का अभिनंदन किया वहीं अपने नयनाभिराम नृत्य से सभी की वाहवाही लूटी। विद्यालय की प्रधानाचार्या नंदिता ढींगरा ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। विद्यार्थी परिषद के चुनावों में छात्र-छात्राओं को कई राउंड तक अपनी काबिलियत दिखानी पड़ी। अंततः निर्णायकों ने आरुष बंसल एवं शेव्या सारस्वत को कप्तानी तथा विश्वजीत प्रताप सिंह एवं विदुषी राणा को उप-कप्तानी का दायित्व सौंपा। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी छात्र-छात्राओं की नियुक्ति की गई। काशवी ढुल को स्पोर्ट्स कैप्टन तथा अथर्व राज सिंह को वाइस स्पोर्ट्स कैप्टन का दायित्व मिला। प्रज्ञा श्री को कल्चरल सेक्रेट्री एवं अनंत राघव को वाइस कल्चरल सेक्रेट्री के पद से नवाजा गया। इसके साथ ही गाँधी, नेहरू, शास्त्री एवं सुभाष हाउस के लिए क्रमशः सचिन अग्रवाल, मानव अग्रवाल, सोनाक्षी सिंह एवं माही को हाउस कैप्टन चुना गया। अनिकेत शर्मा, उजेषा पंडित, जानवी सिंह एवं उर्षिता सिंह को वॉइस हाउस कैप्टन की जवाबदेही मिली।
मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्या ने सभी नव-निर्वाचित कप्तानों को बैज लगाकर एवं पटका पहनाकर उन्हें पद और गरिमा की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि शैलेंद्र प्रताप सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्कूलों में विद्यार्थी परिषद के गठन से प्रत्येक कार्यक्रम को सही तरीके से सम्पन्न कराने में मदद मिलती है। इतना ही नहीं छात्र-छात्राओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेजों में अच्छे छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने से शिक्षा ही नहीं बल्कि हर गतिविधि के संचालन में मदद मिलती है। आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल तथा स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने विभिन्न पदों पर चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें अच्छे कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि विद्यालय की गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए ही विद्यार्थी परिषद का गठन किया जाता है। उन्होंने समाज और विद्यालय में लोकतांत्रिक मूल्यों का महत्व बताते हुए छात्र-छात्राओं को नेतृत्व कौशल विकसित कर समाज के विकास में अपना अहम योगदान देने का आह्वान किया। स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि कोई भी पद हो वह व्यक्ति को कर्तव्य-निष्ठा का ही बोध कराता है। श्री अग्रवाल ने कहा कि यही नेतृत्व क्षमता छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के नए दरवाजे खोलती है। विद्यार्थी परिषद के गठन में स्पोर्ट्स टीचर राहुल सोलंकी एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन गरिमा जैन और विक्रांत शर्मा ने किया।











