Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 मई। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों को बेहतर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा उपचार हेतु आए मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, पर्चा काउंटर, चिकित्सक कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष, एक्स-रे कक्ष और ऑक्सीजन प्लांट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने मरीजों की भीड़, कतार व्यवस्था और उपचार प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। औषधि संग्रह कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दवा वितरण पंजिका और उपलब्ध औषधियों की समाप्ति तिथि का मिलान किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी परिस्थिति में बाहरी दवाएं लिखने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी दवा वितरण काउंटरों को सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को अनावश्यक भीड़ और असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में औषधियां उपलब्ध हैं। अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जांच कार्य निर्धारित तिथि और सीरियल नंबर के आधार पर पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाए, जिससे किसी प्रकार की शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा जांच प्रक्रियाओं को सरल और व्यवस्थित बनाया जाए। जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल सुविधा, बैठने की व्यवस्था और कतार प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। ऑक्सीजन प्लांट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में ऑक्सीजन आपूर्ति को निरंतर सुचारू बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page