Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 जुलाई । आगरा रोड स्थित एमजी पॉलिटेक्निक के पीछे से श्री राधा बिहारी पब्लिक स्कूल तक करीब 500 मीटर लंबी और छह मीटर चौड़ी जर्जर सड़क के निर्माण की मांग एक बार फिर उठी है। इस संबंध में श्री राधा बिहारी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन से सहयोग की अपील की है। प्रबंधक द्वारा दिए गए प्रार्थना-पत्र में बताया गया है कि उक्त सड़क लंबे समय से बेहद खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और बारिश के दौरान जलभराव होने से आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इसी मार्ग पर हरवंश विहार कॉलोनी, केशव विहार कॉलोनी, श्री राधा बिहारी पब्लिक स्कूल, श्री राधा बिहारी वृद्धाश्रम, श्री राधा बिहारी मंदिर, टॉप गांव तथा आसपास के कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। इसके अलावा कई गांवों के श्मशान घाट तक पहुंचने का यह प्रमुख मार्ग भी है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार प्रतिदिन विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने और लेने आते हैं, जबकि कई छात्र-छात्राएं साइकिल से विद्यालय पहुंचते हैं। जर्जर सड़क के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं, वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को भी आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रबंधक का कहना है कि इस समस्या से जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं और सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने मीडिया के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page