Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 जुलाई। यूपी बैंक एम्प्लॉइज़ यूनियन, हाथरस इकाई की कार्यकारिणी सभा शनिवार को केनरा बैंक, न्यू मार्केट यार्ड, अलीगढ़ रोड स्थित परिसर में आयोजित की गई। सभा का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, रिक्त पदों पर नई नियुक्तियों को अंतिम रूप देना तथा बैंक कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करना रहा। कार्यक्रम का संचालन साथी निशांत वार्ष्णेय ने किया। सभा की शुरुआत बैंकिंग आंदोलन के वरिष्ठ नेताओं एच.एल. परवाना, तारकेश्वर चक्रवर्ती, प्रभाकर एवं बी.एस. जैन के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। सभा को संबोधित करते हुए जिलामंत्री राजेंद्र सिंह ने एआईबीईए (AIBEA) के 30वें सम्मेलन के सफल आयोजन पर सभी साथियों को बधाई दी। उन्होंने बैंक कर्मचारियों से यूनियन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए संगठन के साथ मजबूती से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता और मजबूती ही कर्मचारियों के हितों की सबसे बड़ी शक्ति है। सभा में अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पदोन्नति एवं स्थानांतरण के कारण रिक्त हुए पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। इसके तहत पुष्पांकर जैन (केनरा बैंक) को कोषाध्यक्ष, चंद्रकांत एवं नरेश कुमार (यूपी ग्रामीण बैंक) को संगठन मंत्री तथा दीपक कुमार (यूपी ग्रामीण बैंक) को सहायक मंत्री नियुक्त किया गया। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए शाखाओं में स्टाफ की कमी से उत्पन्न समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों पर लगातार कार्यभार बढ़ रहा है, जिसका समाधान संगठन की एकजुटता से ही संभव है। यूएफबीयू (UFBU) के संयोजक पुष्पांकर जैन ने भी एआईबीईए के 30वें सम्मेलन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बैंकों में स्टाफ की कमी एक गंभीर समस्या बन चुकी है। कर्मचारियों पर लगातार कार्य का दबाव बढ़ रहा है, जिसे दूर करने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। सभा में अजब सिंह ने बैंक शाखाओं में कार्यरत महिला कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई शाखाओं में महिलाओं के लिए शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बैंक प्रबंधन से महिला कर्मचारियों की गरिमा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी शाखाओं में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की। सभा के अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-माला पहनाकर सम्मान किया गया। अध्यक्ष अजय कुमार ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया तथा सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सभा की समाप्ति की घोषणा की। इस अवसर पर राम प्रकाश यादव, महेश बाबू, अमर सिंह, हिसार अली खान, शरण कुमार, हरिओम कुमार, आदित्य कुमार, सुरेश कुमार, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी एवं यूनियन के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page