
हाथरस 07 सितम्बर। समाजवादी पार्टी की ओर से सासनी के गांव खेड़ा टिकारी में शनिवार को जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस क्षेत्राधिकारी के पद से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए विकास सेंगर द्वारा किया गया। जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामनारायण काके तथा प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाह मौजूद रहे। कार्यक्रम में दोनों नेताओं का पगड़ी बांधकर एवं माला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। जनसभा को संबोधित करते हुए रामनारायण काके ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी जाति और धर्म के लोगों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि खेड़ा टिकारी गांव के सेंगर समाज के लोगों ने लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी का साथ दिया, लेकिन अब नौजवानों और बुजुर्गों ने समाजवादी पार्टी के साथ खड़े होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया है। काके ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से आह्वान किया कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें और हाथरस विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनाने का कार्य करें, ताकि क्षेत्र में विकास, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के सामने शिक्षा, रोजगार और विकास जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिनके समाधान के लिए मजबूत राजनीतिक नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीणों से समाजवादी पार्टी के पक्ष में एकजुट होकर कार्य करने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को समर्थन देने की अपील की। कार्यक्रम के आयोजक विकास सेंगर ने कहा कि उन्होंने बिहार के डर और वहां की परिस्थितियों के कारण बीपीएससी की नौकरी छोड़कर समाजवादी पार्टी का साथ देने का निर्णय लिया है। उन्होंने अपने साथियों के साथ पार्टी के लिए पूरी मजबूती से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार का चुनाव जनता करती है और ऐसी सरकार का चयन होना चाहिए जो शिक्षा, व्यापार, किसान और नौजवानों के रोजगार के मुद्दों पर गंभीरता से काम करे। उन्होंने कहा कि बेहतर सरकार के गठन के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर पूरी ताकत से प्रयास करना होगा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाह ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हाथरस विधानसभा क्षेत्र में विकास, रोजगार और किसानों की समस्याओं को दूर करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि जनता रामनारायण काके को विधायक चुनकर विधानसभा भेजती है, तभी क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को मजबूती से उठाया जा सकेगा। कुशवाह ने प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आज नौजवान परेशान है, किसानों को खाद से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और सड़कों की स्थिति भी खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लूट और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है तथा बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी जनता चिंतित है।
वीरेंद्र कुशवाह ने आरोप लगाया कि आम लोगों को थाने और तहसील में छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी परेशान होना पड़ता है और बिना पैसे के काम नहीं होने की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए सत्ता परिवर्तन आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने तथा हाथरस विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज लखनऊ तक तभी मजबूती से पहुंचेगी, जब समाजवादी पार्टी को समर्थन मिलेगा। जनसभा के दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में हाथरस विधानसभा अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सेंगर, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश जादौन उर्फ काला, चंद्रपाल सिंह बडडे, सोहन पाल सिंह दिवाकर, व्यापार सभा जिलाध्यक्ष विकास वार्ष्णेय, अमित कुमार जादौन, ठाकुर राजकुमार सिंह, नेत्रपाल सिंह राजपूत, विधानसभा उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह दिवाकर, प्रधान मुकेश सविता, बृजेश कुमार सेंगर, अतुल सेंगर, लक्ष्मण सिंह बाबूजी, शिवकुमार बघेल, अमित कुमार दिवाकर, श्याम सुंदर शर्मा, जिला महासचिव यूथ ब्रिगेड मनोज कुमार शर्मा, जिला उपाध्यक्ष यूथ ब्रिगेड भारत सेंगर, सेक्टर प्रभारी मनोज सेंगर, मनोज कुमार सेंगर, विनोद कुमार सेंगर, सोमेश सिंह नीमगांव वाले, वैद्य अंशुल सेंगर, अभिषेक सेंगर, अजीत सेंगर, विवेक कुमार, पवन सेंगर, ओम वाटिका वाले, राजीव मल, हरिओम शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व शहर अध्यक्ष हेमंत गौड़ ने किया।













