Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 26 सितम्बर। कासगंज रोड स्थित गांव नगला जलाल से श्रवण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में 55 वीं भव्य गंगा स्नान यात्रा एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और धर्म एवं आस्था के इस महापर्व का लाभ उठाया। यात्रा से पूर्व आयोजक सूर्य प्रताप सिंह सूरज ने मां गंगा जाने वाली बसों का पूजन किया व हरी झंडी दिखाकर बस को गंगा जी के लिए रवाना किया । इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक सूर्य प्रताप सिंह सूरज ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से निरंतर गंगा सेवा एवं गंगा स्नान यात्राओं का आयोजन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ एवं मां गंगा की असीम कृपा से उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि वे श्रद्धालुओं को निःस्वार्थ भाव से गंगा स्नान के लिए ले जाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सिकंदराराऊ से भव्य गंगा स्नान यात्रा का शुभारंभ किया गया, जिसमें लगभग 100 अधिक बसों में सवार होकर हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण गंगा मां के जयकारों से गूंज उठा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों को बिना किसी भेदभाव के मां गंगा के दर्शन एवं स्नान का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से किसी प्रकार की रसीद, पर्ची या शुल्क नहीं लिया जाता, बल्कि केवल सेवा और श्रद्धा की भावना के साथ उन्हें गंगा धाम तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि मां गंगा का आशीर्वाद और भक्तों का स्नेह मिलता रहा तो यह सेवा निरंतर जारी रहेगी। इसी के साथ सूरज ने बताया कि वह अब तक लगभग 4.50 लाख श्रद्धालुओं को गंगा जी की डुबकी लगा चुके हैं जिसमें लगभग 400 मुस्लिम समाज के लोग भी शामिल है । आयोजकों द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से मनु ठाकुर, अंकुर सिसोदिया, निखिल ठाकुर, विपिन यादव, विनोद यादव, अनुज पंडित, युवेंद्र, विनय एवं सत्यकांत आदि मौजूद रहे |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page