
सासनी 26 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे “सेवा ही संकल्प” अभियान के अंतर्गत सासनी विकासखंड के ग्राम दरकौली स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भाषण एवं चित्रकला पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत सासनी के सभासद अंकुश भाटिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे अधिक जरूरी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बासुदेव माहौर ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में संस्कारपरक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व क्षेत्रीय मंत्री डॉली माहौर ने नारी शक्ति के सशक्तिकरण तथा महिलाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। मुख्य अतिथि जिला मंत्री पवन रावत ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में विकास, तकनीक, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती अर्चना राजपूत ने की। उन्होंने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।










