Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 सितम्बर। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल के निर्देशों के अनुपालन में “सेवा संकल्प अभियान-2026” के अंतर्गत मेला श्री दाऊजी महाराज परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, हाथरस के तत्वावधान में स्थापित प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह आचार्य, जिला उपाध्यक्ष रजत चौधरी एवं जिला प्रभारी अनिल चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर अवलोकन किया। सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं निरंतर सेवा के 25 वर्षों के दौरान जनकल्याण, सुशासन, सेवा और विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है। सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर एवं सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि प्रदर्शनी में “सेवा से समृद्धि की ओर” की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के साथ युवा, महिला, किसान और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को चित्रों और संदेशों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत सुधारों, आत्मनिर्भरता, विकास तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण से संबंधित जानकारी आकर्षक एवं सरल तरीके से प्रस्तुत की गई है। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदर्शनी में युवाओं को आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण, महिलाओं को सशक्तिकरण, किसानों को कृषि एवं आत्मनिर्भरता तथा वंचित वर्गों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता दी गई है। उन्होंने जनपदवासियों से मेला परिसर में स्थापित प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील करते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल से जुड़ी उपलब्धियों, जनकल्याणकारी कार्यों और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के माध्यम से तथा सूचना विभाग हाथरस के तत्वावधान में 22 सितंबर से मेला परिसर में प्रदर्शनी स्थापित की गई है। प्रदर्शनी का जनसामान्य द्वारा अवलोकन किया जा रहा है और प्रचार साहित्य का वितरण भी कराया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page