
हाथरस 13 सितम्बर। जनपद में 17 सितंबरसे 17 अक्टूबरतक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर जनपद, तहसील, विकासखंड, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों को सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना, प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जनजीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों के साथ देश एवं प्रदेश में हुए विकास और सकारात्मक बदलावों को व्यापक स्तर पर जनमानस तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के तहत 17 सितंबर को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला चिकित्सालय हाथरस तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ, सादाबाद एवं सासनी में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। रक्तदान के साथ मरीजों एवं जरूरतमंदों को फलों का वितरण भी किया जाएगा। इसके लिए चिकित्सा अधिकारियों को संयोजक अधिकारी नामित किया गया है। इसी क्रम में प्रातः 10 बजे से तहसील सभागार हाथरस, सिकंदराराऊ, सादाबाद एवं सासनी में विश्वकर्मा टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके लिए उद्योग विभाग के अधिकारियों को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जनपद में कुल 49,509 दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन एवं समस्त पुलिस थानों, विकास भवन, श्री दाऊजी महाराज मंदिर, शहीद स्मारक, गांधी पार्क, तहसीलों सहित विभिन्न सरकारी भवनों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों तथा नगर निकायों के सभी नगरीय वार्डों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, डिजिटल पुस्तकालयों, अमृत सरोवरों, ग्राम सचिवालयों, अन्नपूर्णा भवनों, गौशालाओं, पानी की टंकियों, विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, औद्योगिक क्षेत्रों, वृद्धाश्रम, जिला स्टेडियम तथा जनपद के मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स एवं सार्वजनिक स्थलों के तहत रूहेरी चौराहा, नगला भुस बाईपास चौराहा तथा कैलोरा चौराहा सहित प्रमुख स्थानों को भी दीप प्रज्ज्वलन के लिए शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जनपद, तहसील, विकासखंड, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि नामित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन, संबंधित विभागों के मध्य समन्वय, आवश्यक व्यवस्थाएं तथा कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 17 सितंबर को आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूर्व में पूर्ण कराते हुए निर्धारित स्थान एवं समय पर कार्यक्रम आयोजित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत निर्धारित स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कराते हुए अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के उपरांत विस्तृत रिपोर्ट, पांच उत्कृष्ट फोटोग्राफ्स एवं पांच वीडियो लिंक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के व्हाट्सएप ग्रुप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक कार्यक्रम के वीडियो को संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर एवं टैग करते हुए अपलोड करने तथा निर्धारित ई-मेल पर भी भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण, सुशासन एवं जनकल्याण की भावना के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाए।







