
सासनी 11 सितम्बर। कुशवाह क्षत्रिय समाज की ओर से तृतीय भव्य श्री लव-कुश शोभायात्रा एवं मेले का आयोजन धूमधाम के साथ किया गया। धार्मिक एवं सामाजिक महोत्सव को लेकर समाज के लोगों के साथ ही नगरवासियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीरबहादुर सिंह कुशवाह और विशिष्ट अतिथि रामानन्द कुशवाह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान समाज की परंपरा के अनुसार बुजुर्गों का परिचय कराते हुए उन्हें स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद अलीगढ़ रोड स्थित जरेया मोड़ से शोभायात्रा का विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन शिव कुमार कुशवाह ने फीता काटकर किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राधेश्याम कुशवाह ने की। शोभायात्रा जरेया मोड़ से शुरू होकर कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता और लव-कुश के जीवन पर आधारित भव्य एवं जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बैंडबाजों की भक्तिमय धुनों से पूरा कस्बा गूंज उठा और जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम में कुशवाह क्षत्रिय समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और स्थानीय संभ्रांत नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।







