Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 सितम्बर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान नई दिल्ली के नमामि भारतम कार्यक्रम के तहत बिसावर के सेठ भोलानाथ हरिशरण बंसल सरस्वती विद्या मंदिर सामूहिक वंदे मातरम गान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, आचार्यों एवं उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन कर राष्ट्रीय एकात्मता और सांस्कृतिक स्वाभिमान का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विद्या भारती के प्रांतीय सदस्य, जन शिक्षा समिति के अरविंद कुमार ने कहा कि वंदे मातरम भारत की राष्ट्रीय चेतना का अमर स्वर है। यह केवल शब्दों का संयोजन नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, स्वाभिमान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का सनातन मंत्र है। स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न चरणों में इस गीत ने असंख्य देशभक्तों को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, त्याग और बलिदान की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विद्या भारती देशभर में हजारों स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर रही है। लाखों छात्र-छात्राओं, आचार्यों और नागरिकों द्वारा सामूहिक रूप से संपूर्ण वंदे मातरम का गान कर राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक स्वाभिमान को जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है। अरविंद कुमार ने कहा कि वंदे मातरम में भारत माता के विभिन्न स्वरूपों का भावपूर्ण वर्णन मिलता है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अनेक वीरों ने इसी राष्ट्रभाव से प्रेरणा लेकर अपना जीवन मातृभूमि के लिए समर्पित किया। उन्होंने कष्ट सहे, जेल गए और बलिदान दिया। राष्ट्रगीत आज भी देशवासियों में मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और समर्पण की भावना को मजबूत करता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिजेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य गिर्राज सिंह ने किया। इस दौरान मुकेश कुमार, सुनील गौतम, देवेश कुमार, भूदेव सिंह, राजकुमार, शशिकांत और देशराज सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page