Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 05 सितम्बर। शुक्रवार रात योगीराज भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। नगर के मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मध्यरात्रि में जैसे ही श्रीकृष्ण के जन्म का समय हुआ, मंदिरों में घंटे-घड़ियाल बज उठे। श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और लड्डू गोपाल का चरणामृत से अभिषेक किया। इसके बाद आरती उतारी गई और पालने में झुलाकर जन्मोत्सव मनाया गया। मुरली मनोहर मंदिर, श्रीराम मंदिर, शनिदेव एवं राधा-कृष्ण मंदिर, हनुमान मंदिर सुभाष गली, शिव मंदिर राजनगर, राधा-कृष्ण मंदिर त्यागी कॉलोनी और राधा-कृष्ण मंदिर जवाहर बाजार में विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को सुंदर ढंग से सजाया गया था। जगह-जगह हिंडोले लगाए गए और फूलों से मंदिरों की सजावट की गई। जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे लगाए। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भगवान के दर्शन करने मंदिरों में पहुंचे। पुसैनी मार्ग पर स्थित शनिदेव एवं राधा-कृष्ण मंदिर के सामने एक खेत में विशाल क्षीर सागर की झांकी सजाई गई। इसमें शेषनाग की शैया पर भगवान विष्णु को विश्राम करते हुए दिखाया गया। माता लक्ष्मी उनकी सेवा करती दिखीं, वहीं ब्रह्मदेव ध्यान में लीन दर्शाए गए। यह झांकी श्रद्धालुओं के बीच खास चर्चा का विषय रही। राधा-कृष्ण मंदिर में एक भव्य फूल बंगला सजाया गया था। फूलों से सजे परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को पालने में बिठाया गया। श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से पालना झुलाकर लड्डू गोपाल के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page