Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 07 अक्टूबर। स्थानीय सीएचसी स्थित इमरजेंसी सेवा और एफआरयू का एसीएमओ डा. राजीव गुप्ता ने देर रात औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी में उपलब्ध दवाओं की स्थिति जांची और मौके पर मौजूद चीफ फार्मासिस्ट को दवाओं के रखरखाव और उपलब्धता को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। एसीएमओ ने अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसीएमओ ने इमरजेंसी में रखे दवाओं के स्टॉक और उनकी व्यवस्था को बारीकी से देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद स्टाफ से दवाओं की उपलब्धता और वितरण से संबंधित जानकारी ली। वहीं 108 और 102 एंबुलेंस की इमरजेंसी तथा एफआरयू की पीसीआर अलग-अलग फाइलों में रखे जाने की जानकारी सामने आई। इस पर एसीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को दोनों की पीसीआर एक ही फाइल में व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए, जिससे रिकॉर्ड की जांच और निगरानी में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके बाद एसीएमओ ने इमरजेंसी में उपचार करा रहे मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों से पूछा कि इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी तो नहीं हुई और अस्पताल में दवाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं। मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इसके बाद एसीएमओ एफआरयू पहुंचे। यहां उन्होंने महिला चिकित्सकों से प्रसव और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सिजेरियन ऑपरेशन के बाद भर्ती धात्री महिलाओं से भी बातचीत कर उनका फीडबैक लिया। महिलाओं से अस्पताल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और समय पर भोजन मिलने की जानकारी भी ली गई। एसीएमओ ने महिलाओं और अन्य मरीजों से यह भी पूछा कि स्वास्थ्य सेवाओं के बदले किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति द्वारा उनसे किसी प्रकार के पैसे की मांग तो नहीं की जाती है। उन्होंने मौके पर मौजूद एमओआईसी से इमरजेंसी और एफआरयू दोनों स्थानों के प्रसाधन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसीएमओ ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के मौके पर एमओआईसी डॉक्टर दानवीर सिंह चीफ फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स इत्यादि मौजूद मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page