Hamara Hathras

Latest News

सासनी 07 जून ।आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर सासनी कोतवाली क्षेत्र स्थित हनुमान चौकी के निकट हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेवानिवृत्त एडीओ पंचायत की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 62 वर्षीय अमर सिंह पुत्र चरण सिंह निवासी ताला नगरी, अलीगढ़ के रूप में हुई है। अमर सिंह एडीओ पंचायत पद से सेवानिवृत्त थे तथा मूल रूप से अलीगढ़ जनपद के गंगीरी क्षेत्र स्थित नगला लोकी गांव के रहने वाले थे। बताया गया है कि अमर सिंह अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए बाइक से अलीगढ़ से सादाबाद जा रहे थे। इसी दौरान सासनी क्षेत्र में हनुमान चौकी के पास अचानक एक नीलगाय उनकी बाइक के सामने आ गई। नीलगाय से टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि अमर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर अक्सर नीलगाय और अन्य आवारा पशुओं के अचानक आने से दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page