
हाथरस 07 जून । हाथरस उद्योग व्यापार विकास मंच के तत्वावधान में शनिवार को आंधीवाल पैलेस में जनपद के विभिन्न उद्योग एवं व्यापार मंडलों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीएसटी कार्यालय को वाटर वर्क्स परिसर में स्थापित कराने के संबंध में चल रहे प्रयासों की समीक्षा की गई तथा इस दिशा में मिली सफलता पर सभी व्यापारिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। बैठक में बताया गया कि जीएसटी कार्यालय स्थापना के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक पत्रावली उत्तर प्रदेश शासन को भेजे जाने में हो रही देरी के विरोध में हाथरस उद्योग व्यापार विकास मंच द्वारा जन आंदोलन की घोषणा की गई थी। इसके उपरांत प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रस्ताव से संबंधित पत्रावली शासन को प्रेषित कर दी है, जिसे व्यापारियों की सामूहिक जीत बताया गया। व्यापारिक नेताओं ने कहा कि हाथरस जनपद के सभी व्यापार मंडलों, उद्योग संगठनों एवं व्यापारियों के सहयोग और एकजुटता के कारण यह सफलता प्राप्त हुई है। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को अवगत कराया गया कि स्थानीय प्रशासन द्वारा जीएसटी कार्यालय स्थापना संबंधी प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। उम्मीद जताई गई कि प्रदेश सरकार द्वारा अनुमोदन मिलने के बाद राजस्व विभाग के माध्यम से कार्यालय के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ होगी। बैठक में स्थानीय प्रशासन की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए हैं। साथ ही नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्वेता दिवाकर का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने व्यापारी हितों को प्राथमिकता देते हुए विशेष बोर्ड बैठक बुलाकर वाटर वर्क्स परिसर में जीएसटी कार्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित कराया। बैठक में उपस्थित व्यापारिक नेताओं ने संगठन की शक्ति पर बल देते हुए कहा कि व्यापारियों की एकता और संघर्ष के कारण ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है। सभी ने भविष्य में भी व्यापारिक एवं औद्योगिक हितों के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर व्यापारी नेता सत्यप्रकाश शर्मा ‘रंगीला गुरुजी’, सुरेश अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, देवेंद्र कुमार गोयल, राजकुमार वर्मा, लोकेश अग्रवाल, योगेश बंसल ‘योगी लाला’, ओमप्रकाश वर्मा, शैलेंद्र शर्मा, अभिषेक शर्मा एडवोकेट, योगेश वार्ष्णेय, अनिल कुमार वार्ष्णेय, सतीश चंद्र वार्ष्णेय, अनिल अग्रवाल, राकेश कुमार, महेंद्र कुमार, सचिन अग्रवाल सहित अनेक उद्योग एवं व्यापार प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अधिवक्ता अतुल आंधीवाल ने हाथरस उद्योग व्यापार विकास मंच की सराहना करते हुए कहा कि संघर्ष और एकजुटता से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने सभी उपस्थित व्यापारियों का स्वागत करते हुए जलपान की व्यवस्था भी कराई। बैठक के अंत में सुरेश अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह हम सभी के संघर्ष, संकल्प और एकता की जीत है। उन्होंने कहा कि व्यापारी हितों की रक्षा के लिए सभी संगठन आगे भी एकजुट होकर कार्य करते रहेंगे। “भारत माता की जय”, “जय उद्योग, जय व्यापार” के उद्घोष के साथ बैठक का समापन हुआ।
Next News :-संडे ऑन साइकिल मिशन के तहत निकली जागरूकता साइकिल यात्रा, स्वस्थ भारत और स्वच्छ पर्यावरण का दिया संदेश
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






