सादाबाद 20 मई । कोतवाली क्षेत्र के गांव पुसैनी में दलित युवक पंकज उर्फ सोनू की हत्या का मामला अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। आज दोपहर रामजीलाल सुमन गांव पुसैनी पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में समाजवादी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोषियों के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब किसी परिवार का जवान बेटा असमय मौत का शिकार हो जाता है, तो स्वाभाविक रूप से परिजन तत्काल न्याय और कठोर कार्रवाई की अपेक्षा करते हैं। सांसद ने पंकज की हत्या के संबंध में दर्ज एफआईआर का अवलोकन किया तथा पुलिस अधिकारियों से पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर मामलों में सभी तथ्यों को संवेदनशीलता और गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष तथा कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया। रामजीलाल सुमन ने अंतिम संस्कार में हुई देरी के विषय में कहा कि दाह संस्कार एक अत्यंत भावनात्मक प्रक्रिया है और यदि किसी कारणवश इसमें विलंब हुआ हो तो उसे परिजनों की मानसिक स्थिति और संवेदनाओं के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। घटना के बाद गांव में अभी भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सांसद के गांव पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इस दौरान रमेश चंद्र जाटव, अवनीश सागर, भगवती प्रसाद सहित समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


























