Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 28 सितम्बर। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आरएटीएम) में बीसीए के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच भव्य स्वागत किया गया। बीसीए बैच 2025-26 के विद्यार्थियों ने बैच 2026-29 के नवागत विद्यार्थियों के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी ‘आरम्भ’ का आयोजन किया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे समारोह में गीत, संगीत, नृत्य, नाटक और हास्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने कनिष्ठ साथियों के स्वागत में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच पर विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। प्रस्तुतियों के दौरान परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंजता रहा। फ्रेशर्स पार्टी का प्रमुख आकर्षण मिस्टर एवं मिस फ्रेशर का चयन रहा। विभिन्न गतिविधियों और मंचीय प्रस्तुतियों के बाद वैष्णवी शर्मा को मिस फ्रेशर तथा नमन चौधरी को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। दोनों के चयन पर साथी विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराने के साथ वरिष्ठ और कनिष्ठ विद्यार्थियों के बीच सौहार्द्र, सहयोग और आत्मीयता की भावना को बढ़ावा देना था। ‘आरम्भ’ ने नवागत विद्यार्थियों को अपने नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ करने का अवसर प्रदान किया।

आर.के. एजुकेशन हब के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि फ्रेशर्स पार्टी का आनंद लेने के बाद अब नवप्रवेशित विद्यार्थी आगामी सेमेस्टर की परीक्षाओं की तैयारी में पूरी लगन और गंभीरता से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने माता-पिता के सपनों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए मेहनत, समर्पण और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ उन्हें संस्थान में भेजते हैं, इसलिए विद्यार्थियों का कर्तव्य है कि वे अपनी मेहनत से उनके विश्वास को सार्थक करें। आरएटीएम के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि व्यावसायिक जीवन में सफलता के लिए अनुशासन का विशेष महत्व है। आत्म-अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने वाला युवा अपने लक्ष्य की दिशा में आधी दूरी तय कर लेता है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। डॉ. सक्सेना ने कहा कि अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक दृष्टिकोण के बल पर बड़े से बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। फ्रेशर्स पार्टी ‘आरम्भ’ का समापन हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द्र के वातावरण में हुआ। नवागत विद्यार्थियों के लिए यह आयोजन उनके कॉलेज जीवन की एक यादगार और उत्साहपूर्ण शुरुआत बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page