Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 सितम्बर। बागला डिग्री कॉलेज में आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत–सेवा’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन प्रातः 11 बजे महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में हुआ, जिसका शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य ने किया। प्राचार्य ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूकता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचारों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। यह प्रतियोगिता जिला प्रशासन एवं क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, अलीगढ़ के निर्देशानुसार संचालित ‘मेरे सपनों का भारत–सेवा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सेवा और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

विद्यार्थियों ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य तथा विकसित, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र की अपनी कल्पना को कागज पर उकेरा। प्रतियोगिता के संचालन के लिए महाविद्यालय की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता समिति एवं निर्णायक मंडल का गठन किया गया था। चित्रकला प्रतियोगिता समिति में डा. प्रेमकिशोर, डा. विनीत सिंह एवं डा. कमलेश कुशवाहा शामिल रहे। प्रतियोगिता में प्रस्तुत चित्रों का मूल्यांकन श्री धर्मेन्द्र कुमार सिंह, प्रो. के.एन. त्रिपाठी, प्रो. साहब सिंह, डा. हरिओम सारस्वत एवं श्री शुभांकर पाण्डेय ने किया। निर्णायकों ने कलात्मक अभिव्यक्ति, विषय-वस्तु, रचनात्मकता, मौलिकता और सामाजिक संदेश के आधार पर कृतियों का मूल्यांकन किया।

खुशी कौशिक प्रथम, हर्षिता भास्कर द्वितीय

प्रतियोगिता में खुशी कौशिक ने प्रथम, हर्षिता भास्कर ने द्वितीय तथा युक्ति अग्रवाल और नीतीश वर्मा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य ने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मक प्रतिभा के विकास के साथ राष्ट्रभावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और जागरूकता को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं, विचारों और सामाजिक सरोकारों को सृजनात्मक माध्यम से व्यक्त करने का अवसर मिलना उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा, राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक विकास के प्रति जागरूक किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से सामने रखा। उल्लेखनीय है कि हाथरस जनपद में ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक, ज्ञानवर्धक एवं जागरूकता आधारित प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्व की भावना विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page