
हाथरस 28 सितम्बर। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ऐहन में 25 सितंबर की शाम घर में घुसकर गाली-गलौज करने और घर के बाहर खड़ी दो गाड़ियों के शीशे तोड़ने का मामला सामने आया है। मामले में गांव निवासी विशंभर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गांव निवासी मनोज उर्फ बबली गाली-गलौज करते हुए उनके घर पहुंचा। विरोध करने पर कथित रूप से हथियार लहराते हुए लाठी से घर के बाहर खड़ी ईको और बोलेरो गाड़ियों के आगे-पीछे के शीशे तोड़ दिए। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने तथा गाड़ियों में पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी दी और मौके से चला गया। पीड़ित के अनुसार घटना की पूरी वारदात हनुमान मंदिर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना के बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित का कहना है कि पुलिस द्वारा चौकी पर शिकायत देने को कहा गया, जिसके बाद उन्होंने पुरा चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया। पीड़ित ने डर के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी होने की बात भी कही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है।






