
हाथरस 11 जून । जनपद के मुरसान ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत कपूरा में चल रहा नाली निर्माण कार्य ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन माह से अधिक समय से निर्माण कार्य जारी है, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया है। आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से कराए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे गहरी खुदाई कर गड्ढे छोड़ दिए गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत और मांग के बावजूद न तो कार्य में तेजी लाई गई और न ही गड्ढों को भरा गया। इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने के भी आरोप लगाए हैं। अब ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


























