Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 जून । आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को कार ने बाइक को टक्कर मार दी।हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, एक युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, आगरा जनपद के थाना खंदौली क्षेत्र के बास सोना गांव निवासी अंकुश और मोनू किसी काम से सादाबाद आए थे। गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे काम खत्म करने के बाद वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। सादाबाद क्षेत्र में टोल प्लाजा से पहले उनकी बाइक को पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में बाइक और कार दोनों को नुकसान हुआ है। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत हाईवे एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज जारी है, लेकिन एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को संभाला और राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन सुचारु कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page