Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 07 जुलाई। क्षेत्र की ग्राम पंचायतों की शेष धनराशि को गौशालाओं में गोवंशों के भरण-पोषण के लिए उपलब्ध कराने संबंधी सीडीओ के आदेश के बाद प्रशासक बनाए गए ग्राम प्रधानों में नाराजगी बढ़ गई है। आक्रोशित प्रधानों ने विधायक गुड्डू चौधरी से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। प्रधानों का कहना है कि सीडीओ पीएन दीक्षित द्वारा जारी निर्देश के अनुसार ग्राम पंचायतों में बची हुई धनराशि को गौशालाओं के संचालन और गोवंशों के भरण-पोषण के लिए खर्च किया जाना है। उनका आरोप है कि यदि पंचायत निधि का अधिकांश हिस्सा इस मद में खर्च हुआ तो गांवों में प्रस्तावित विकास कार्य बजट के अभाव में प्रभावित हो जाएंगे। इससे सड़क, नाली, खड़ंजा, पेयजल और अन्य विकास योजनाओं पर असर पड़ सकता है, जिससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ने की आशंका है। प्रधानों ने विधायक से मांग की है कि पंचायतों के विकास कार्यों के लिए अलग से पर्याप्त बजट सुनिश्चित कराया जाए, ताकि विकास योजनाएं प्रभावित न हों और गौशालाओं के संचालन के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके। मामले को लेकर विधायक ने जानकारी देते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों की विकास निधि का उपयोग करते समय यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि गांवों के आवश्यक विकास कार्य प्रभावित न हों। यदि गौशालाओं के संचालन के लिए अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता है, तो उसके लिए अलग वित्तीय व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए। मैं संबंधित अधिकारियों से इस विषय पर चर्चा कर सभी पक्षों के हित में समाधान निकालने का प्रयास करूंगा। इस दौरान महाराज सिंह, अनिल चौधरी, रामप्रकाश सिंह, रवेंद्र सिंह, श्यामवीर सिंह, रनवीर सिंह, जितेंद्र सिंह, कन्हैयालाल, राजेन्द्र सिंह, मुकेश चौधरी, सोनू चौधरी, अरूण कुमार, धर्मेंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह, राजेश चौधरी, जगवेंद्र सिंह समेत अन्य कई प्रधान मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page