Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 07 जुलाई। क्षेत्र के कजरौठी गांव में मंगलवार दोपहर संचारी रोग नियंत्रण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीएचओ रेनू कुमारी द्वारा किया गया। जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएचओ रेनू कुमारी ने बताया कि संचारी रोग दूषित भोजन, दूषित जल, शारीरिक संपर्क, मच्छरों और संक्रमित जानवरों के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलते हैं। उन्होंने फ्लू, एचआईवी, तपेदिक और मलेरिया जैसे प्रमुख संचारी रोगों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। रेनू कुमारी ने ग्रामीणों को नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने जलभराव न होने देने पर भी जोर दिया, ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने खुले और दूषित भोजन से परहेज करने, भोजन को मक्खियों से सुरक्षित रखने तथा घर के दरवाजों के हैंडल, भोजन करने की जगह और मोबाइल फोन जैसी व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुओं को समय-समय पर कीटाणुरहित करने का महत्व समझाया। सीएचओ रेनू कुमारी ने जंगली जानवरों से उचित दूरी बनाए रखने और समय पर आवश्यक टीकाकरण कराने की बात भी कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता और जागरूकता ही संचारी रोगों की रोकथाम के सबसे प्रभावी माध्यम हैं। जागरूकता कार्यक्रम में सीएचओ रेनू कुमारी के साथ एएनएम सविता, आशा कार्यकर्ता हंसिनी, शांति देवी, संजू, राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page