
हाथरस 01 जून । हाथरस जंक्शन क्षेत्र के बेरगांव में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर लगाए जा रहे बोर्ड को गिराने के मामले में अब सियासत तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने घटना की निंदा करते हुए इसे लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का अपमान बताया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर उत्तर प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि रविवार को बोर्ड गिराने का वीडियो प्रसारित होने के बाद विवाद बढ़ गया था। मामले में पुलिस अधीक्षक ने चौकी प्रभारी संजीव कुमार को निलंबित कर दिया है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लोकमाता के सम्मान से जुड़े विषय पर किसी प्रकार की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
























