
हाथरस 10 जुलाई। शहर के कोतवाली सदर क्षेत्र में गुरुवार शाम मथुरा रोड स्थित दीप अस्पताल के पास दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। ईंट-पत्थर, लाठी-डंडों से हुई मारपीट के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैदल फ्लैग मार्च किया। थाना कोतवाली सदर में तैनात उपनिरीक्षक सोनू कुमार ने दर्ज कराई तहरीर में बताया कि वह उपनिरीक्षक वीर सिंह एवं सुमित के साथ मोहल्ला मोहनगंज तिराहे के पास गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दीप अस्पताल के समीप दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर करीब 18 से 20 लोग ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे तथा गाली-गलौज कर रहे थे। झगड़े के कारण दीप अस्पताल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। भय के चलते लोगों ने अपने घरों और दुकानों के दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लीं। क्षेत्र में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। भगदड़ के दौरान कई लोगों के जूते-चप्पल तक घटनास्थल पर छूट गए। पुलिस के अनुसार प्रथम पक्ष में ललित निवासी असरोई, थाना इगलास (जनपद अलीगढ़), हाल निवासी दीप अस्पताल के पास तथा प्रवीन कुमार निवासी गांव मणिपुर, थाना इगलास (जनपद अलीगढ़), हाल निवासी दीप अस्पताल के पास सहित अन्य लोग शामिल थे। वहीं दूसरे पक्ष में वसीम और नदीम, निवासी मोहल्ला मधुगढ़ी, थाना कोतवाली नगर सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। कुछ आरोपियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दीप अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा पुलिस ने पैदल फ्लैग मार्च कर लोगों में सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट, बलवा, सार्वजनिक शांति भंग करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि माहौल बिगाड़ने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























