
सादाबाद 24 अक्टूबर। थाना सादाबाद क्षेत्र के गांव गढ़ी अन्ता भाग-तसीगू में पारिवारिक बंटवारे को लेकर विवाद होने का मामला सामने आया है। पीड़ित विष्णु कुमार ने गांव के ही पांच लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान विष्णु के सिर पर ईंट से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। विष्णु कुमार ने थाना सादाबाद में दी तहरीर में बताया कि 22 अक्टूबर की सुबह पारिवारिक बंटवारे को लेकर गांव के तोताराम और उसके बेटे पवन, करन, शिवा तथा बेटी लवी से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद सभी ने एकराय होकर विष्णु कुमार और उसके भाइयों भूरा व सुनील के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक, इसी दौरान आरोपियों ने उसके सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। विष्णु ने बताया कि पारिवारिक बंटवारे को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उसने कहा कि वह कानून में आस्था रखता है और किसी तरह का विवाद नहीं चाहता। पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की गई है। घटना के संबंध में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।




