
मुरसान 24 अक्टूबर। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव खोंकिया निवासी एक युवक ने गांव के ही व्यापारी और उसके माता-पिता पर 6.80 लाख रुपये उधार लेकर वापस नहीं करने तथा रुपये मांगने पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पीड़ित ऋषि कुमार पुत्र डोरीलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के आकाश कुमार से उसके मधुर और घरेलू संबंध थे। आकाश किचन वेयर और यूनिक आइटम का मेला लगाकर व्यापार करता है। आरोप है कि व्यापार बढ़ाने के लिए आकाश ने वर्ष 2023 से 2025 के बीच उससे सात लाख रुपये उधार मांगे। ऋषि कुमार के अनुसार, विश्वास के चलते उसने अपने बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों में कुल 6.80 लाख रुपये आकाश को दिए। आरोप है कि आकाश ने चार साल के भीतर रकम वापस करने का वादा किया था।
पीड़ित का आरोप है कि 11 अक्टूबर की शाम जब उसने आकाश से अपने रुपये वापस मांगे, तो आकाश अपने पिता मुकेश कुमार और मां उर्मिला देवी के साथ उसके घर पहुंच गया। तहरीर के मुताबिक, तीनों ने एकराय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान रुपये हड़पने की साजिश रचने की बात भी कही गई। शोर सुनकर नरेंद्र, डोरीलाल और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ऋषि कुमार को बचाया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर रुपये वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों और रुपये के लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।




