
सादाबाद 24 अक्टूबर। थाना सादाबाद क्षेत्र के गांव तिल्लू में बच्चों के विवाद को लेकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तीन लोगों पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। गांव तिल्लू, चौकी बिसावर निवासी रतन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो दिन पहले उनके बच्चों के साथ मारपीट और कहासुनी हुई थी। इस संबंध में जब उन्होंने हरिओम सिंह से उनके बेटे शिवा के बारे में बात की, तो आरोप है कि हरिओम ने कहा कि वह अपने बच्चों को नहीं रोकेगा और उन्हें जो करना है, कर लें।
रतन कुमार के मुताबिक, 21 अक्टूबर की सुबह वह अकेले थे, तभी हरिओम, महेंद्र प्रताप और दुष्यंत ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि तीनों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला किया। पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने धमकी दी कि वह इस बार बच गए, लेकिन अगली बार मिलने पर उन्हें जान से मार दिया जाएगा। घटना के बाद रतन कुमार ने थाना सादाबाद पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।




