
हाथरस 04 जुलाई । सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर न्याय को सरल, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘समाधान समारोह-2026’ के तहत देशभर में विशेष लोक अदालत अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, जिनमें आपसी सहमति की संभावना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस की सचिव अनु चौधरी ने बताया कि माननीय मुख्य न्यायाधीश के निर्देशन में न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से 21, 22 और 23 अगस्त, 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे वादों को शामिल किया जाएगा, जिनका समाधान आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संभव है। उन्होंने बताया कि ‘समाधान समारोह-2026’ का उद्देश्य केवल मामलों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि पक्षकारों के बीच आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता और सरल न्याय उपलब्ध कराना भी है। इस पहल से लोगों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी। विशेष लोक अदालत की तैयारियों के तहत जनपद न्यायालय, हाथरस में सुलह-समझौते के लिए प्री-बैठक आयोजित की गई। वैवाहिक विवाद से संबंधित मामलों के लिए गठित पीठ के अध्यक्ष प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, हाथरस एवं अन्य सदस्यों ने सर्वोच्च न्यायालय से प्रेषित अपील अवधेश बनाम स्टेट ऑफ उत्तर प्रदेश एवं अन्य में पक्षकारों के मध्य सुलह-समझौते को लेकर वार्ता की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि पक्षकार ऑनलाइन माध्यम से भी इस प्रक्रिया में शामिल होकर समझौते की कार्यवाही कर सकते हैं। इच्छुक पक्षकारों से अपील की गई है कि अधिक जानकारी एवं आवश्यक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस के कार्यालय से संपर्क करें।
Next News :-कल रविवार को अलीगढ रोड के कई इलाकों की बिजली गुल रहेगी
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101












