Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 जुलाई। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत जनपद के नोडल अधिकारी अमृत त्रिपाठी ने तहसील सादाबाद की ग्राम पंचायत बरौस में अशोक का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर श्री अमृत त्रिपाठी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरौस में कंजी, अर्जुन, नीम, शहतूत सहित विभिन्न प्रजातियों के 800 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए पौधों के संरक्षण पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशांत तिवारी, उप जिलाधिकारी सादाबाद मनीष चौधरी, खंड विकास अधिकारी सादाबाद सुरेश कुमार सिंह, तहसीलदार सादाबाद हेमंत, नायब तहसीलदार सादाबाद प्रतीक्षा कटारा, ग्राम प्रधान बरौस राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page