
हाथरस 12 जुलाई। आज राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति के जनपद आगमन पर पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत उन्होंने “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर में आम का पौधा रोपित कर जनपद स्तरीय वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा, बढ़ता तापमान और गिरता भूजल स्तर प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बना रहे हैं। कोरोना महामारी ने भी ऑक्सीजन और वृक्षों के महत्व का वास्तविक एहसास कराया। उन्होंने पौधरोपण के साथ-साथ जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा पॉलीथीन के स्थान पर कपड़े के थैलों के उपयोग को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को विद्यालय परिसर में पौधरोपण के लिए आम के पौधे वितरित किए तथा उन्हें पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संकल्प दिलाया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिसकी मंत्री जी ने सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कार स्वरूप धनराशि भी प्रदान की। पौधरोपण कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया।
पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान की प्रगति और कार्ययोजना पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इस दौरान सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने मंत्री धर्मवीर प्रजापति को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनआंदोलन बताया। वहीं विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संदेश दिया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंत्री जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अपने जन्मदिवस पर भी जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देकर कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री जी के जन्मदिवस पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का संकल्प लिया।











