
हाथरस 31 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस के समाजसेवी एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता प्रवीन वार्ष्णेय को पत्र भेजकर उनके सामाजिक सरोकारों, जनसेवा के प्रति समर्पण और जरूरतमंदों की आवाज उठाने के प्रयासों की सराहना की है। मुख्यमंत्री की ओर से मिले इस पत्र को प्रवीन वार्ष्णेय ने अपने सामाजिक कार्यों के प्रति प्रोत्साहन और सम्मान का विषय बताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय, लोक भवन लखनऊ से 2 अक्टूबर को जारी पत्र (क्रम संख्या 00005968) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रवीन वार्ष्णेय को संबोधित करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की मंगलकामना की है। पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसी भी लोकतांत्रिक समाज की शक्ति उन नागरिकों से बढ़ती है, जो निस्वार्थ भाव से समाज के हित में कार्य करते हैं। सामाजिक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। वे समाज की समस्याओं को समझकर जरूरतमंदों की आवाज उचित मंच तक पहुंचाते हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्र में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन सरकार बनने के बाद कानून के राज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई और अपराधियों के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई की गई। पत्र में डबल इंजन सरकार की ओर से गरीबों, वंचितों, बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं, युवाओं एवं अन्नदाता किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रवीन वार्ष्णेय से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने सामाजिक जुड़ाव और जनसेवा के अनुभवों के माध्यम से सरकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं एवं सुझावों को भी सरकार तक पहुंचाते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रवीन वार्ष्णेय की सेवा भावना, संवेदनशीलता और जनसरोकार प्रदेश के विकास की यात्रा को और मजबूत करने में सहायक होंगे।
मुख्यमंत्री का पत्र प्राप्त होने पर समाजसेवी प्रवीन वार्ष्णेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उनके सामाजिक कार्यों की सराहना किया जाना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ नई प्रेरणा का विषय है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि भविष्य में भी मानवाधिकारों के संरक्षण, सामाजिक न्याय, जरूरतमंदों की सहायता और जनहित से जुड़े मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।










