
हाथरस 31 अक्टूबर। गोरखपुर में बेस्ट क्लिनिशियन अवार्ड से सम्मानित फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोहित अग्निहोत्री का न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति, हाथरस की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें पटका पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा संस्था का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मोहित अग्निहोत्री ने अपनी मेहनत, लगन, प्रतिभा और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है। गोरखपुर में उन्हें मिला बेस्ट क्लिनिशियन अवार्ड पूरे हाथरस जनपद के लिए गौरव की बात है। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और संदेश देती है कि निरंतर मेहनत, लगन एवं समर्पण से जीवन में हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष ने डॉ. मोहित अग्निहोत्री को बधाई देते हुए कहा कि संस्था को ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों पर गर्व है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. मोहित भविष्य में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से समाज का नाम रोशन करते रहेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला सलाहकार एवं कवि राकेश रसिक राघव, आर्यन सारस्वत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति की ओर से डॉ. मोहित अग्निहोत्री को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।










