
हाथरस 31 अक्टूबर। आबकारी विभाग की ओर से अवैध मदिरा की बिक्री पर अंकुश लगाने और शराब की दुकानों पर व्यवस्थाओं की जांच के उद्देश्य से 31 अक्टूबर को देशी शराब एवं कंपोजिट शॉप की फुटकर दुकानों का आकस्मिक सघन निरीक्षण किया गया। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा संयुक्त आबकारी आयुक्त, आगरा जोन और उप आबकारी आयुक्त, अलीगढ़ प्रभार के निर्देशों के अनुपालन में जिला आबकारी अधिकारी हाथरस के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक ने अपनी टीम के साथ विभिन्न दुकानों की जांच की। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया। साथ ही रैंडम आधार पर मदिरा की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड को एक्साइज एप के माध्यम से स्कैन कर उनका सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान शराब विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे POS मशीन के माध्यम से प्रत्येक मदिरा की बोतल को 100 प्रतिशत स्कैन करने के बाद ही बिक्री करें। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य मदिरा की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखना और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है।










